"आज सोने की कीमत ने तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड, 10 ग्राम का भाव 1 लाख रुपये से ऊपर"
Gold Price वैश्विक अस्थिरता के चलते सोने के दामों तेजी देखने को मिली हैं।मौजूदा हालात ऐसे हैं कि सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हाजिर बाजार में सोना 101500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। अमेरिकी टैरिफ और रूस-यूक्रेन युद्ध ने बाजार में अनिश्चितता पैदा कर दी है। सहालग के कारण खरीदारी बढ़ रही है। अभी बाजार में शादी के सीजन के लिए गहने लेने लोग पहुंच रहे हैं।इधर देश में सहालग (शादी-ब्याह का मौसम) भी जोरों पर है, जिसकी वजह से खरीदारी में और तेजी आ गई है।
By dalchandra ahirwar
Edited By: डालचंद्र अहिरवार
Updated: mod, 28 Apr 2025 08:33 PM (IST)
वैश्विक बाजार में लगातार उठापटक का असर रोज हमारे शेयर बाजार और सोने-चांदी की कीमतों पर भी दिख रहा है। अमेरिका ने दूसरे देशों पर जो रेसिप्रोकल टैरिफ लगाए हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंदी आने की बात कही है, इससे बाजार में और ज्यादा हलचल मच गई है।
इन्हीं सब घटनाओं के बीच सोने की कीमतें अपने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी हैं। सोमवार को सोने की कीमत हाजिर बाजार में 1100 रुपये और एमसीएक्स (MCX) पर 2350 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ गई थी। वहीं मंगलवार को दोपहर बाद सोने में और जबरदस्त तेजी आई और दाम अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए।
हाजिर बाजार में सोने की कीमत 4600 रुपये बढ़कर 1,01,500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। वहीं एमसीएक्स पर सोना 1050 रुपये चढ़कर 98,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
चांदी की बात करें तो वह भी फिर से "लखटकिया" (एक लाख रुपये प्रति किलो) बनने की दौड़ में है। हालांकि हाजिर बाजार में चांदी की कीमत ज्यादा नहीं बढ़ी और 98,400 रुपये प्रति किलो पर स्थिर रही। लेकिन एमसीएक्स पर चांदी में 200 रुपये की बढ़त देखने को मिली और कीमत 95,400 रुपये प्रति किलो हो गई।
सोना निकला दौड़ में सबसे आगे, छू लिया एक लाख का आंकड़ा
चांदी भले ही दोबारा एक लाख के पार नहीं निकल पाई हो, लेकिन सोने ने तो ऐसी रफ्तार पकड़ी कि पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले। दोपहर बाद बुलियन बाजार में हलचल थम गई और सौदे भी रुक से गए। कारोबारी देर रात तक बाजार की नब्ज टटोलते रहे, लेकिन दामों में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं आया।
वहीं सहालग के सीजन में ज्वैलर्स के यहां भी भीड़ देखी गई। कुछ ग्राहक सौदे अधूरे छोड़कर निकल गए, तो कई लोगों ने अपनी प्री-बुकिंग और खरीदारी को और तेज कर दिया।
ग्राहकों का कहना था, "शादी-ब्याह के लिए तो खरीदारी करनी ही है, चाहे दाम कुछ भी हों!"
बुलियन कारोबारी क्षितिज बंसल का कहना है कि सोना अब सवा लाख रुपये प्रति 10 ग्राम की रफ्तार से दौड़ रहा है। वहीं चांदी के भाव भी अगर इसी तरह बढ़े, तो जल्द ही डेढ़ लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
ऐसे चढ़ा भाव
चांदी ने भी कुछ कम नहीं किया। एक वक्त ऐसा आया जब इसकी तेजी थमने का नाम ही नहीं ले रही थी। दीपावली के मौके पर चांदी का दाम 1,01,000 रुपये प्रति किलो तक जा पहुंचा था, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर रहा।
हालांकि इसके बाद थोड़ी गिरावट आई और दाम 90 हजार रुपये के आस-पास घूमते रहे। फिर होली से ठीक एक दिन पहले अचानक बाजार में जबरदस्त तेजी आई। एमसीएक्स पर चांदी 2,150 रुपये उछलकर 1,01,300 रुपये प्रति किलो पहुंच गई, वहीं हाजिर बाजार में भी चांदी के दाम 1,250 रुपये बढ़कर 1,01,000 रुपये प्रति किलो हो गए।
